प्रियंका गांधी संत रविदास की जन्मस्थली जा उनका आर्शीवाद लेंगीं - अजय कुमार लल्लू


वेबवार्ता(न्यूज़ एजेंसी)/अजय कुमार वर्मा 
लखनऊ 08 फरवरी। सन्त शिरोमणि गुरू रविदास जयंती (9 फरवरी) पर उनकी जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी में कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी मत्था टेककर आर्शीवाद लेंगीं।
श्रीमती प्रियंका गांधी की बहुत दिनों से इच्छा थी कि वे सन्त शिरोमणि गुरू रविदास के जन्मस्थली सीर गांव में उनके जयन्ती पर श्रद्धालुओं के साथ दर्शन करके मत्था टेकें।
उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आज प्रेसवार्ता में बताया कि कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा है कि सन्त शिरोमणि गुरू रविदास ने सामाजिक बराबरी, बन्धुत्व, भाईचारे और श्रम की महत्ता का संदेश पूरी दुनिया को दिया है। भारत में बहुत पुरानी परम्परा रही है जो मनुष्य को मनुष्य की कोटि से देखती है, धर्म और जाति के चश्मे से नहीं। गुरू रविदास इसी परम्परा के वाहक रहे हैं। आज हम सबके लिए गुरूदेव रविदास की वाणी और विचार अनुकरणीय है ताकि हम एक बेहतर समतामूलक समाज बना सकें।